ये बात थोड़ा परेशान करती है कि नोजोमी ओकुहारा का प्रदर्शन पीवी सिंधु पर भारी पड़ता है। लेकिन अगर आप पीवी सिंधु का खेल देखेंगे तो आपको कुछ बातें सबसे पहले नजर आएंगी। उसमें सबसे बड़ा पक्ष है उनका ‘नैचुरली टैलेंटड’ खिलाड़ी होना। शारीरिक बनावट के लिहाज से भी वो शानदार एथलीट हैं। उनकी लंबाई 5 फुट 10 इंच के आस-पास है। बैडमिंटन कोर्ट में दमदार शॉट लगाने से लेकर कोर्ट को कवर करने तक में ये लंबाई खूब काम आती है।
‘मेंटल टफनेस’ के लिहाज से उनकी सबसे बड़ी खूबी है बेखौफ होना। उन्हें इस बात से फर्क ही नहीं पड़ता है कि कोर्ट में उनके सामने कौन है। ये वैसे ही है जैसे कोई क्रिकेटर पिच और विरोधी गेंदबाज की परवाह किए बिना अपना स्वाभाविक खेल खेलता है। पीवी सिंधु को भी इस बात की परवाह कम ही रहती है कि कोर्ट में दूसरी तरफ उनके सामने कौन है। लिहाजा नोजोमी ओकुहारा के लिए मुकाबला आसान नहीं रहने वाला।
ये कहानी पीवी सिंधु के ओलंपिक मेडल जीतने के बहुत पहले की है। तब बहुत कम ही लोग उन्हें जानते थे। करीब 8 साल बीत गए होंगे। हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद एकेडमी की बात है। अभी 6 भी नहीं बजे थे। एक पतली दुबली लंबी सी लड़की वहां पहुंची। उस लड़की ने एकेडमी के बड़े से हॉल में आने के बाद अपनी किट रखी।
एक सेकेंड की देरी किए बिना भी उसने दौड़कर कोर्ट के चक्कर लगाने शुरू कर दिए। ऐसा लगा कि उसके शरीर में कोई मशीन लगी है तो एकेडमी के उस हॉल में घुसते ही ऑन हो जाती है। उसके बाद पीवी सिंधु ने रैकेट थामा और प्रैक्टिस शुरू हो गई। उस हॉल में करीब एक दर्जन खिलाड़ी और भी खेल रहे थे। लेकिन बीच बीच में हर कोई पीवी को देख लेता था।
ऐसा इसलिए क्योंकि उसके चेहरे पर एक स्वाभाविक मुस्कान थी। जो पसीना बहा रहे हर खिलाड़ी को अच्छी लगती थी। पीवी सिंधु के चेहरे पर वो शायद अपने हर शॉट के बाद अपनी ताकत और कमजोरी को समझने की हंसी। उसी रोज पहली बार मुझे कोच गोपीचंद ने बताया था कि वो हर सुबह 50 किलोमीटर से भी ज्यादा दूर से उनकी एकेडमी में आती रही हैं। लेकिन उसे कभी देर नहीं होती। विश्व चैंपियनशिप का खिताब वो दो बार 'मिस' कर चुकी हैं। अब करोड़ों खेलप्रेमियों की उम्मीदें हैं कि वो और देरी ना करें।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।