सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय युगल जोड़ी आज से शुरू हो रहे फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना खिताबी सूखा समाप्त करने की कोशिश करेगी। विश्व की छठे नंबर की भारतीय शीर्ष जोड़ी पिछले सप्ताह डेनमार्क ओपन के सेमीफाइनल में बाहर होने से पहले हांगकांग और चाइना मास्टर्स के फाइनल में पहुंची थी। वह अपने पहले मुकाबले में इंडोनेशिया के मुहम्मद रियान अर्दियांतो और रहमत हिदायत की जोड़ी से भिड़ेगी।
लक्ष्य का सामना गुयेन से होगा
सात्विक और चिराग ने 2022 और 2024 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था और वह अपने इस प्रदर्शन को दोहराने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। उन्होंने इस वर्ष पेरिस में विश्व चैंपियनशिप में दूसरा कांस्य पदक भी जीता था। भारत के अन्य खिलाड़ियों में हांगकांग ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले लक्ष्य सेन एक बार फिर आयरलैंड के नहत गुयेन के खिलाफ पुरुष एकल में अपना अभियान शुरू करेंगे, जबकि अमेरिकी ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी को जापान के कोकी वतनबे के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
अनमोल खरब को पेश करेंगी चुनौती
महिला एकल में उभरती हुईं स्टार अनमोल खरब को पहले दौर में कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त एन से-यंग के रूप में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। अनुपमा उपाध्याय का सामना चीन की चौथी वरीयता प्राप्त हान यू से, जबकि विश्व जूनियर चैंपियनशिप में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली उन्नति हुड्डा का सामना मलेशिया की करुपाथेवन लेत्शाना से होगा।
पुरुष युगल में पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और साई प्रतीक भी अपनी चुनौती पेश करेंगे, जबकि महिला युगल में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंह तथा पांडा बहनों ऋतुपर्णा और श्वेतपर्णा के बीच पहले दौर का मुकाबला होगा। मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो तथा रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेगी।