पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत
- फोटो : सोशल मीडिया
कोरिया ओपेन में भारतीय खिलाड़ियों का सफर खत्म हो चुका है। एक दिन पीवी सिंधू, किदांबी श्रीकांत और एन सिक्की-अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी के हारने से भारत की उम्मीदें खत्म हो गईं। शनिवार के दिन भारत के लिए लगातार तीन मैच निराशाजनक रहे हैं। भारतीय बैडमिंडन स्टार पीवी सिंधू और श्रीकांत को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। वहीं एन सिक्की और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी भी अपना मैच हार गई। मालविका बंसोड़ और लक्ष्य सेन पहले ही हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
किदांबी श्रीकांत को किस्टी के खिलाफ सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा। पहले सेट में उन्होंने कड़ी चुनौती दी, लेकिन अंत में उन्हें 21-19 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे सेट में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच अच्छा मुकाबला रहा, लेकिन श्रीकांत पलटवार नहीं कर सके और यह सेट 21-16 के अंतर से हार गए। इसके साथ ही उन्होंने मैच भी गंवा दिया।
सिंधू भी सीधे सेटों में हारी
दूसरी सीड एन सीयंग के खिलाफ मैच में सिंधू कभी भी लय में नहीं दिखीं और सीधे सेटों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं एन सिक्की और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी भी इस मैच में लय नहीं पकड़ सकी। भारतीय जोड़ी को 19-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।
सिंधू सीयंग के खिलाफ दूसरे सेट में लय में दिखी थीं, लेकिन पलटवार नहीं कर पाईं और कोरिया की खिलाड़ी ने लगातार दूसरा सेट जीतकर यह मैच भी अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में स्कोर 17-18 के करीब पहुंच चुका था। इसके बाद सीयंग ने लगातार चार अंक लेकर मैच अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में सिंधू ने 3-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन कोरिया की खिलाड़ी ने शानदार वापसी कर मैच अपने नाम किया।
सिंधू ने 21-10, 21-16 से जीता था क्वार्टर फाइनल मैच
तीसरी सीड सिंधू ने 43 मिनट तक चले मुकाबले में सातवीं सीड थाइलैंड की बुसनान को सीधे सेट में 21-10,21-16 से हराया था। दो बार की ओलंपिक विजेता सिंधू शुरुआत में 2-5 के अंतर से पिछड़ रही थीं। इसके बाद उन्होंने लगातार चार प्वाइंट लेकर 6-5 की बढ़त बनाई और 21-10 से पहला सेट अपने नाम किया। वहीं दूसरे सेट में उन्होंने शुरुआत में ही 8-2 की बढ़त ले ली थी। उन्होंने इसे जारी रखा और यह सेट 21-16 के अंतर से जीता था।