रियो ओलंपिक में सिल्वर मेडल हासिल कर इतिहास रचने वाली पीवी सिंधु ने कमाल कर दिया, बता दिया कि चैंपियन किसे कहते हैं? क्वार्टरफाइनल में पहला गेम आसानी से जीतने के बाद दूसरे गेम में सिंधु छह अंकों की बढ़त ले चुकी थीं। पर जापान की यामागुची ने जबरदस्त वापसी की और तीन अंक की बढ़त लेकर गेम प्वाइंट पर भी पहुंच गई। लेकिन यामागुची को गेम प्वाइंट पर ही रोक कर सिंधु ने कमाल का खेल दिखाते हुए पहले टाई किया और फिर मैच जीत लिया। मैच को तीसरे गेम तक नहीं जाने दिया। सिंधु ने जबरदस्त खेल दिखाया। दोनों खिलाडियों के बीच का यह मुकाबला 56 मिनट तक चला। रियो ओलंपिक 2016 की रजत पदक विजेता सिंधु बैडमिंटन में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बची हैं। पुरुष एकल खिलाड़ी बी साई प्रणीत तथा चिराग शेट्टी और सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। बता दें कि सिंधु और यामागुची के बीच यह अब तक की 19वीं भिड़ंत थी। इसमें सिंधु ने 12वीं बार जीत हासिल की है।