फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचीं सिंधु, डेनमार्क के खिलाड़ी को हराया

Fri, 29 Mar 2019 08:31 PM IST
सोनू शर्मा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
पी. वी. सिंधु - फोटो : Social media
विज्ञापन

योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन के महिला एकल मुकाबले में शुक्रवार को भारत की पी. वी. सिंधु ने डेनमार्क के मिया बिचफेल्ड को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सिंधु ने बिचफेल्ड को 21-19 और 22-20 से हराया। 

विज्ञापन


वहीं, तीसरे वरीय किदांबी श्रीकांत ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में जगह पक्की की, जबकि पारूपल्ली कश्यप भी लगभग चार साल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रहे।

दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ने बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हमवतन बी. साई प्रणीत को एक घंटा और दो मिनट में 21-23, 21-11, 21-19 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दुनिया के 55वें नंबर के खिलाड़ी कश्यप को हालांकि चीनी ताइपे के वैंग जू वेई पर सीधे गेम में 21-16, 21-11 की जीत के दौरान अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा।
विज्ञापन


कश्यप ने 2015 में इंडोनेशिया ओपन के बाद सुपर सीरीज स्तर के किसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

सेमीफाइनल में श्रीकांत का सामना चीन के हुआंग युशियांग से होगा, जिन्होंने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के सातवें वरीय खोसित फेतप्रदाब को 21-16, 21-15 से हराया।

कश्यप सेमीफाइनल में भारत के एचएस प्रणय और दुनिया के पूर्व नंबर एक विक्टर एक्सेलसन के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेंगे।

कश्यप ने मैच के बाद कहा, 'मेरे लिए यह मैच उतना मुश्किल नहीं रहा। वह अच्छा खिलाड़ी है, लेकिन मुझे आक्रामक होकर खेलने का फायदा मिला। मैंने लंबे समय बाद किसी बड़े टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है, लेकिन मैं इसे एक अन्य मैच की तरह ही देख रहा हूं।' 

श्रीकांत ने मैच के बाद प्रणीत की तारीफ करते हुए कहा, 'यह काफी करीबी मुकाबला रहा और इसे कोई भी जीत सकता था। वह काफी अच्छा खेला, लेकिन मैं कुछ महत्वपूर्ण अंक हासिल करके जीत दर्ज करने में सफल रहा।'

तीसरे वरीय श्रीकांत ने मैच के दौरान काफी गलतियां भी की, जिसका खामियाजा उन्हें पहले गेम में भुगतना पड़ा। श्रीकांत की धीमी शुरुआत का फायदा उठाते हुए प्रणीत ने पहले गेम में 11-9 की बढ़त बनाई, जिसे उन्होंने जल्दी ही 17-14 और फिर 19-16 किया। श्रीकांत ने बाहर शॉट मारकर 20-16 के स्कोर पर प्रणीत चार गेम प्वाइंट दे दिए। श्रीकांत ने हालांकि चारों गेम प्वाइंट बचाकर स्कोर 20-20 कर दिया। वह हालांकि 21-21 के स्कोर पर लगातार दो शॉट बाहर मारकर पहला गेम 23-21 से प्रणीत की झोली में डाल बैठे।

दूसरे गेम में भी प्रणीत ने अच्छी शुरुआत करते हुए 7-1 बढ़त बनाई, लेकिन श्रीकांत लगातार सात अंक के साथ 8-7 से आगे हो गए और फिर अगले 17 में से 13 अंक जीतकर उन्होंने स्कोर 1-1 कर दिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में श्रीकांत शुरू में पिछड़ते रहे। प्रणीत ब्रेक तक 11-8 से आगे थे, लेकिन श्रीकांत ने 11-13 के स्कोर पर लगातार चार अंक के साथ 15-13 की बढ़त बनाई और फिर इसे अंतर को अंत तक बरकरार रखते हुए 21-19 से गेम और साथ ही मैच अपने नाम किया। 
विज्ञापन

मनु और सुमित सेमीफाइनल में, अश्विनी-सिक्की बाहर

इंडिया ओपन 2019 - फोटो : Social media
मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में प्रणव जैरी चोपड़ा और शिवम शर्मा की हमवतन जोड़ी को सीधे गेम में हराकर इंडिया ओपन के पुरुष युगल सेमीफाइनल में प्रवेश किया, लेकिन अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी महिला युगल से बाहर हो गई।

मनु और सुमित की दुनिया की 28वें नंबर की जोड़ी ने प्रणव और शिवम की क्वालीफायर जोड़ी को सिर्फ 21 मिनट में 21-10, 21-12 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। सेमीफाइनल में अब मनु और सुमित की भिड़ंत रिकी करनदासुवार्दी और अंगा प्रत्मा की इंडोनेशिया की जोड़ी से होगी, जिन्होंने कड़े मुकाबले में मोहम्मद आरिफ अब लतीफ आरिफ और नूर मोहम्मद अजरिन अयूब अजरिन की मलेशिया की सातवीं वरीय जोड़ी को 21-18, 14-21, 21-17 से हराया।

अश्विनी और सिक्की को हालांकि महिला युगल क्वार्टर फाइनल में ग्रेसिया पोली और अप्रियानी रहायु की इंडोनेशिया की शीर्ष वरीय जोड़ी के खिलाफ 21-10, 21-18 से हार झेलनी पड़ी।

इससे पहले अपर्णा बालन और श्रुति केपी को जोंगकोलफान किटिथाराकुल और रविंदा प्राजोंगजय की थाईलैंड की दूसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ एकतरफा मैच में 28 मिनट में 8-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा।

अश्विनी और सिक्की तथा अपर्णा और श्रुति की हार के साथ महिला युगल में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। इससे पहले कल मिश्रित युगल में भी भारत की चुनौती खत्म हो गई थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें