विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने नई घोषणा में भारत को 2026 की विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी देने का फैसला किया है। इससे पहले भारत को 2023 में सुदीरमन कप का आयोजन करना था, लेकिन बीडब्ल्यूएफ ने इस विश्व मिश्रित टीम चैंपियनशिप की मेजबानी चीन को सौंपने का फैसला किया है। वहीं बीडब्ल्यूएफ ने चीन में कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए इस साल के सुदीरमन कप को चीन के शुजोऊ की जगह फिनलैंड के वांता में आयोजित करने का फैसला किया।
बीडब्ल्यूएफ की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'शुजोऊ में अब 2023 में बीडब्ल्यूएफ विश्व मिश्रित टीम चैंपियनशिप का आयोजन होगा जिसकी मेजबानी पहले भारत को सौंपी गई थी। भारत ने 2026 में बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी स्वीकार कर ली है।'
बता दें कि यह दूसरा अवसर होगा जब भारत विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2009 में हैदराबाद में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था।
भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष हिमांता बिस्वा सरमा ने कहा, 'विश्व चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिता का आयोजन करना भारतीय बैडमिंटन संघ के साथ देश के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।'