साइक्लिस्ट लांस आर्मस्ट्रांग ने साइक्लिंग में डोपिंग धोखाधड़ी की जांच में अमेरिका की डोपिंग रोधी एजेंसी (यूएसएडीए) को सहयोग करने से मना कर दिया है। हालांकि उन्होंने अन्य डोपिंग रोधी जांच में मदद के लिए हामी भर दी है।
इस कदम से आर्मस्ट्रांग का विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) द्वारा उन पर लगे आजीवन प्रतिबंध में कमी नहीं होगी, क्योंकि इससे यूएसएडीए को डोपिंग के मामलों की जांच के लिए उनकी मदद के बिना ही आगे बढ़ना होगा।
आर्मस्ट्रांग ने अपने अटॉर्नी टिम हरमैन के जरिये जारी बयान में कहा कि कई कारणों से लांस यूएसएडीए के प्रयासों में भागीदार नहीं बनेंगे। यूएसएडीए की जांच के बाद डोपिंग में लिप्त पाए जाने से आर्मस्ट्रांग से सात टूर डि फ्रांस खिताब छीन लिए गए थे।
पिछले दिनों डोपिंग मामले में दोषी पाए जाने के बाद सात टूर डि फ्रांस खिताब गंवा चुके साइकिलिस्ट आर्मस्ट्रांग ने स्वीकार किया था कि उन्होंने प्रतिबंधित दवाओं का सेवन किया था। आर्मस्ट्रांग ने अमेरिका की टीवी एंकर ओपेरा विंफ्रे के साथ इंटरव्यू में कहा, 'मैं इस स्थिति को एक बड़े झूठ की तरह देखता हूं जो मैंने बहुत बार दोहराया है। वो मेरे फैसले थे, वो मेरी गलतियां थीं और मैं यहां उनके लिए माफी मांगता हूं।'