धार्मिक मान्यता के अनुसार विभिन्न देवताओं को प्रसन्न करने और अपने जीवन में सुख, समृद्धि, सफलता और शांति लाने के लिए विशेष रंग की गुलाल अर्पित करना शुभ माना जाता है। प्रत्येक देवता से जुड़ा एक विशिष्ट रंग होता है, जो उनके प्रभाव और कृपा को बढ़ाने में सहायक होता है। यदि सही देवता को उचित रंग की गुलाल अर्पित की जाए, तो जीवन की कई समस्याओं का समाधान हो सकता है। आइए जानते हैं कि किस इच्छा की पूर्ति के लिए किस देवता पर कौन-सा रंग चढ़ाना चाहिए।
वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि के लिए
यदि दांपत्य जीवन में प्रेम और समर्पण बनाए रखना चाहते हैं तो भगवान राधा-कृष्ण और माता पार्वती को गुलाबी एवं लाल रंग की गुलाल अर्पित करें। गुलाबी रंग प्रेम, सौहार्द्र और सामंजस्य का प्रतीक है। यह पति-पत्नी के रिश्ते को मधुर बनाता है और जीवन में प्रेम की वृद्धि करता है।
रोग मुक्ति और अच्छे स्वास्थ्य के लिए
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव और भगवान धन्वंतरि को सफेद या पीले रंग की गुलाल अर्पित करनी चाहिए। सफेद रंग शांति, संतुलन और उपचार का प्रतीक होता है, जो रोगों को दूर करने और मानसिक शांति प्रदान करने में सहायक होता है।
करियर में उन्नति और नौकरी में सफलता के लिए
यदि करियर में तरक्की, नौकरी में स्थायित्व और उच्च पद प्राप्त करना चाहते हैं, तो भगवान विष्णु और सूर्यदेव को पीली गुलाल अर्पित करें। पीला रंग बुद्धि, समृद्धि और सफलता का प्रतीक है, जो करियर में सकारात्मक ऊर्जा और उन्नति को आकर्षित करता है।
बच्चों की शिक्षा में सफलता के लिए
यदि बच्चे की पढ़ाई में बाधाएं आ रही हैं और वह एकाग्रता से अध्ययन नहीं कर पा रहा है, तो माता सरस्वती को सफेद गुलाल अर्पित करें। सफेद रंग ज्ञान, पवित्रता और स्पष्टता का प्रतीक है, जिससे बच्चों की बुद्धि तेज होती है और वे पढ़ाई में आगे बढ़ते हैं।
धन-आगमन और व्यापार में वृद्धि के लिए
यदि आर्थिक स्थिति में सुधार चाहते हैं और व्यापार में लाभ की इच्छा रखते हैं, तो माता लक्ष्मी को लाल गुलाल अर्पित करें। लाल रंग ऊर्जा, समृद्धि और शक्ति का प्रतीक है, जो धन आकर्षित करने और व्यवसाय को फलने-फूलने में सहायक होता है।
घर में सुख-समृद्धि और शांति के लिए
घर में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने के लिए भगवान गणेश को केसरिया या पीली गुलाल अर्पित करें। यह रंग शुभता, सफलता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है, जो घर के वातावरण को शुद्ध और मंगलमय बनाता है।