Sawan Somwar 2021 Date: जल्द ही सावन का पवित्र महीना शुरू होने वाला है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष 25 जुलाई से श्रावण प्रारंभ होन जा रहा है। इससे पहले 20 जुलाई को सृष्टि का संचालन करने वाले भगवान विष्णु चार माह के लिए योग निद्रा में चल जाएंगे और भगवान शिव के हाथ में सृष्टि के संचालन का जिम्मा होगा। भगवान शिव को सावन का महीना बहुत ही प्रिय होता है, इस कारण से शिव भक्त इस महीने में भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-आराधना करते हैं। इस बार सावन का महीना 25 जुलाई से आरंभ होकर 22 अगस्त तक रहेगा। वैसे तो सावन का पूरा महीना ही शिवभक्ति के लिए विशेष होता है, लेकिन सावन सोमवार का विशेष महत्व रहता है। सोमवार का दिन भगवान शिव की कृपा पाने का सबसे अच्छा दिन माना गया है। इस बार सावन के महीने में चार सोमवार पड़ेगा। सावन का पहला सोमवार 26 जुलाई 2021 को है और इस दिन बहुत अच्छा शुभ योग भी बन रहा है। आइए जानते हैं सावन के पहले सोमवार के शुभ योग का महत्व...
सौभाग्य योग
सावन का पहला सोमवार 26 जुलाई को सौभाग्य योग में आने जा रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार सौभाग्य योग बहुत ही शुभ माना गया है। यह शुभ योग 26 जुलाई की रात 10 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। इस शुभ योग में पूजा करने का काफी महत्व है।सौभाग्य योग जिसके नाम में ही सौभाग्य जुड़ा है ऐसा योग बहुत ही शुभ और सौभाग्यशाली माना जाता है। इस योग में कोई भी शुभ कार्य या पूजा आराधना करने पर हमेशा मंगल फल प्राप्त होता है। सौभाग्य योग में किया जाने वाल कार्य कभी भी असफल नहीं होता है।
सावन सोमवार व्रत विधि
सावन सोमवार के दिन जल्दी उठकर स्नान करें। शिव मंदिर में जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करें। साथ ही माता पार्वती और नंदी को भी गंगाजल या दूध चढ़ाएं। पंचामृत से रुद्राभिषेक करें, बिल्व पत्र अर्पित करें। शिवलिंग पर धतूरा, भांग, आलू, चंदन, चावल चढ़ाएं और सभी को तिलक लगाएं। प्रसाद के रूप में भगवान शिव को घी शक्कर का भोग लगाएं। धूप, दीप से गणेश जी की आरती करें। अंत में भगवान शिव की आरती करें और प्रसाद का वितरण करें।
सावन सोमवार 2021
सावन का पहला सोमवार 26 जुलाई
सावन का दूसरा सोमवार 02 अगस्त
सावन का तीसरा सोमवार 09 अगस्त
सावन का चौथा सोमवार 16 अगस्त