अक्षय तृतीया पर सोना क्यों खरीदना चाहिए?
सोना खरीदने के सबसे बड़े दिनों में से एक अक्षय तृतीया है। यह एक ऐसा त्योहार जहां लोगों का मानना है कि सोना खरीदने से सौभाग्य और समृद्धि आती है। हिन्दू मान्यता के अनुसार धरती पर धन-दौलत, सोना-चांदी वगैरह को लक्ष्मी स्वरूप माना गया है। चूंकि इस दिन को लेकर कहा जाता है कि इस दिन किए गए काम का क्षय नहीं होता। सोना और चांदी भी ऐसी चीजें हैं जिनकी कीमत समय के साथ बढ़ती है। ऐसे में अगर आप अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदते हैं, तो वो काफी शुभ माना जाता है।
अक्षय तृतीया का ज्योतिषीय और धार्मिक महत्व
अक्षय तृतीया एक विशेष दिन है जिसे अक्षय समृद्धि के लिए जाना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन सोना खरीदने से घर में धन की बरकत बनी रहती है। ज्योतिषीय दृष्टि से देखें तो इस साल की अक्षय तृतीया बहुत ही शुभ रहेगी, क्योंकि अक्षय तृतीया पर 100 साल यानी एक सदी बाद गजकेसरी राजयोग का निर्माण होने वाला है। इतना ही नहीं अक्षय तृतीया के दिन देवगुरु बृहस्पति वृषभ राशि में रहेंगे। साथ ही अक्षय तृतीया के दिन चंद्र देव भी वृषभ राशि में रहेंगे। यानी 10 मई को वृषभ राशि में गुरु और चंद्रमा का संयोग होगा।
ज्योतिषीय महत्व से परे इस तिथि का धार्मिक महत्व भी है। अक्षय तृतीया सतयुग की शुरुआत का प्रतीक है, जो पवित्रता और समृद्धि का स्वर्ण युग है। ऐसा माना जाता है कि भगवान कृष्ण ने द्रौपदी को एक ऐसा अक्षय पात्र दिया था जो चमत्कारिक रूप से सदैव भोजन या अन्न प्रदान करता था। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन ही देवी अन्नपूर्णा का जन्म हुआ था। इसलिए माना जाता है कि अक्षय तृतीया नए उद्यम या निवेश शुरू करने का समय है, उनका मानना है कि ऐसा करने से उनके जीवन में खुशी और समृद्धि आती है।
अक्षय तृतीया पर बन रहे हैं ये शुभ योग
तृतीया तिथि आरंभ: 10 मई, शुक्रवार, प्रातः 04:16 मिनट पर
तृतीया तिथि समाप्त: 11 मई, शनिवार तड़के 02:51 मिनट पर
शुभ योग:
रोहिणी नक्षत्र: प्रातः 10:46 तक ,इसके उपरांत मृगशिरा नक्षत्र रहेगा।
अतिगंड योग : दोपहर 12:16 बजे तक, उसके बाद सुकर्मा योग रहेगा।
इस दिन रवि योग भी रहेगा।
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का शुभ समय
प्रातः - 08:55 बजे से 10:36 बजे तक
दोपहर- 12:16 बजे से 04:56 बजे तक
सांय- 04:56 बजे से रात्रि 9:32 बजे तक
वैसे अक्षय तृतीया का दिन स्वयं सिद्ध मुहूर्त है यानी ये पूरा दिन ही अत्यंत शुभ फलदायक है। इस दिन राहुकाल को छोड़कर दिनभर में कभी भी सोना खरीद सकते हैं। राहुकाल सुबह 10:45 बजे से दोपहर 12:23 बजे तक रहेगा।