शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा विभाग को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्राइमरी शिक्षा में पढ़ाई नहीं हो रही और गरीब बच्चों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाएं भी चरमरा गई हैं। गलत ऑपरेशन हो रहे हैं और मरीजों को पर्याप्त दवा-इलाज नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जानवरों को लगने वाली सिरिंज आदमियों के लिए खरीदी जा रही हैं।
कानून व्यवस्था को बताया चौपट
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को चौपट बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्रों में भी दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। कानपुर में उद्योग बर्बाद होने और किसानों के संकट के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
कहा कि किसान को आलू का उचित दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर को बर्बादी का कॉरिडोर बताया, जिसकी डिजाइन गलत है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी बिजली कारखाना नहीं लगाया, जबकि सपा सरकार ने कई प्लांट लगाए थे।
युवाओं से किया बूथ स्तर पर जुटने का आह्वान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवा संगठनों की शुक्रवार को हुई बैठक में 2027 में बहुमत की सरकार बनाने के लिए बूथ स्तर तक जुटने का आह्वान किया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को युवा शक्ति पर पूरा भरोसा है। समाजवादियों को भाजपा के षड्यंत्रों से सावधान रहने को कहा। उन्होंने कहा कि सतर्क एवं सजग रहकर भाजपा के षड्यंत्र को विफल करना है।