नगर पंचायत रिवालसर में रविवार को हुए मतदान में चौंकाने वाले नतीजे समाने आए। नगर पंचायत के मौजूदा अध्यक्ष बंशी लाल को करारी हार का सामना करना पड़ा। बंशी लाल को एक भी मत नहीं मिल पाया। वहीं, वार्ड नंबर सात से चुनाव लड़ रहे बंशी लाल के बेटे मनोज को भी हार का सामना करना पड़ा। लाभ सिंह ने लगातार चौथी बार जीत हासिल की।
नगर परिषद की मौजूदा उपाध्यक्ष तृप्ता को भी 16 मतों से हार का सामना करना पड़ा। नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक में तिकोने मुकाबले में लीला देवी ने 64 मत लेकर गायत्री और शकुंतला को मात दी। इस वार्ड में गायत्री ने 34 और शकुंतला ने 19 मत हासिल किए। वार्ड नंबर दो से रोजी सोनी ने 76 मत हासिल कर जीत हासिल की। इस वार्ड से उपविजेता रही तृप्ता गुप्ता को 60 मत मिले।
वार्ड नंबर तीन से विमला देवी को 74 मत मिले। विमला ने कमला को मात दी। कमला को कुल 59 मत मिले। वार्ड नंबर चार से महेंद्र कुमार ने 51 मत लेकर जीते। इस वार्ड में दूसरे नंबर पर रही तुलसी देवी को 30 और सुलोचना को 25 मत पड़े। वार्ड नंबर पांच से पांच की प्रत्याशी मैदान में थे। इसी वार्ड से मौजूद अध्यक्ष बंशी लाल ने भी चुनाव लड़ा। बंशी लाल को एक भी मत नहीं मिल पाया।
बंशी लाल वार्ड नंबर सात से संबंध रखते हैं। जिसके कारण वह अपना मत भी खुद को नहीं डाल पाए। इस वार्ड से सागर कमल ने 36 मत लेकर जीत हासिल की। वहीं बलदेव को 19, पवन को 18 व ढमेश्वर को 16 मत मिले। वार्ड नंबर छह से मीना गुप्ता ने 33 मत लेकर जीत हासिल की। यहां दूसरे नंबर पर रही प्रिती को 27, हर्षा को 14 व भारती देवी को 13 मत मिले। वार्ड नंबर सात से लाभ सिंह ने 71 मत हासिल किये। इस वार्ड से चुनाव लड़ रहे मौजूदा अध्यक्ष बंशी लाल के बेटे मनोज को महज 18 मत ही मिल पाए।