- देर रात किससे मिलने गया, प्रेम प्रसंग या नशे के एंगल से भी पुलिस कर रही जांच
- सोलन के निजी विश्वविद्यालय में पढ़ता था पालमपुर का रहने वाला करण
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल से शनिवार रात 12:30 बजे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। पालमपुर के भाैरा का रहने वाला युवक करण पटियाल (22) सोलन जिले के एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ाई करता था। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक देर रात हॉस्टल में किससे मिलने गया था, मौत का कारण पैर फिसलना, आत्महत्या, प्रेम प्रसंग या नशा किया था, इन सभी एंगल से पुलिस छानबीन में जुटी है। पुलिस के मुताबिक युवक गर्ल्स हॉस्टल के परिसर में दाखिल हुआ और एक भवन की चौथी मंजिल तक पहुंच गया। युवक के गिरने की आवाज सुनकर कमरों में मौजूद छात्राएं और स्टाफ मौके पर पहुंचा। स्टाफ ने 108 एंबुलेंस को बुलाया और पुलिस को भी सूचना दी। इसके बाद गंभीर हालत में युवक को आईजीएमसी ले जाया गया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सदर पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी। आईजीएमसी में परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने कहा कि छात्रा हॉस्टल में युवक की गिरने से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।