फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'धूमल, अनुराग, केंद्रीय भाजपा ने रची वीरभद्र के खिलाफ साजिश'

Wed, 30 Sep 2015 07:57 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर और कुछ केंद्रीय भाजपा नेताओं ने मिलकर मुख्यमंत्री के घर सीबीआई की छापामारी करवाने की साजिश रची है। दो बार मुख्यमंत्री रहते हुए धूमल ने वीरभद्र सिंह के खिलाफ सागर कत्था और सीडी केस किया था।
विज्ञापन


अब केंद्र सरकार के साथ मिलकर कोर्ट में विचाराधीन मामलों में छापामारी कर कांग्रेस और मुख्यमंत्री की छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारों को कमजोर करने में लगी है। सीबीआई की कार्रवाई को उन्होंने राजनीतिक षड्यंत्र बताया। कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस शासित उत्तराखंड, मेघालय और असम में भी कार्रवाई होने का अंदेशा है।

कहा कि देश में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। केंद्र सरकार भाजपा के संगठन को राज्यों में मजबूत करने के लिए कांग्रेस सरकारों को कमजोर कर रही है। केंद्रीय एजेंसियों और मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है। व्यापम और ललित गेट जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने को केंद्र सरकार कोर्ट में विचाराधीन मामलों को उछाल रही है। इनकम टैक्स से जुड़े मामले हिमाचल हाईकोर्ट, सुप्रीमकोर्ट और इन्कम टैक्स ट्रिब्यूनल में लगे हैं।
विज्ञापन


दिल्ली हाईकोर्ट भी मामलों पर विचार कर रहा है। बावजूद इसके सीबीआई की ओर से सिटिंग सीएम के घर पर छापामारी करने का औचित्य समझ से परे है। कहा कि सीबीआई को जांच में पूरा सहयोग दिया जा रहा है। जो-जो जानकारी और दस्तावेज मांगे गए हैं, वे दिए हैं। भविष्य में भी पूरा सहयोग किया जाएगा। पुराने मामलों की तरह इस मामले से भी मुख्यमंत्री पाक साफ निकलेंगे।

मैच देखने न जाएं सीएम- क्या मुख्यमंत्री को धर्मशाला में टी-20 क्रिकेट मैच देखने जाना चाहिए? इस सवाल के जवाब में विक्रमादित्य सिंह ने हंसते हुए कहा मेरी व्यक्तिगत राय है कि मुख्यमंत्री मैच देखने न जाएं। बीते दिनों अनुराग ठाकुर ने मैच के न्यौते को लेकर गलत बयान दिया है। कहा कि यह मेरी अपनी राय है। मैच देखने के लिए जाना या न जाना मुख्यमंत्री का अधिकार क्षेत्र है।

बहन की शादी में शामिल न होने का मलाल- विक्रमादित्य ने कहा जिस दिन उनकी बड़ी बहन का पुनर्विवाह होना था, उसी दिन सुबह सीबीआई छापामारी को पहुंच गई। इस कारण वे शादी में शामिल होने के लिए संकटमोचन मंदिर नहीं जा सके। हॉलीलॉज में रहकर ही सीबीआई को जांच में सहयोग दिया। टीम ने उनके घर के कालीन तक उखाड़े।

कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ेंगे- युकां अध्यक्ष ने कहा इस मामले में पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट है। केंद्रीय नेतृत्व भी साथ है। आने वाले दिनों में इसको लेकर कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ी जाएगी। पार्टी, मंत्री और विधायक एकजुट हैं। अगर कोई अलग-अलग जगह बैठकें कर रहा है तो ये बैठकें निजी हित में होंगी। पार्टी हित में सभी मुख्यमंत्री के साथ हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें