युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सत्ता में रहकर पांच साल तक सिर्फ जुमलेबाजी करती रही। मोदी सरकार ने हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही थी। अभी तक इस वादे को पूरा नहीं किया गया।
लोकसभा चुनाव में यूथ को जागरूक किया जाएगा। अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव जीतेगी और सत्ता पर काबिज होगी। कांग्रेस अपने लोगों के बूते चुनाव लड़ेगी और चुनाव भी जीतेगी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रदेश भर से युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस सत्ता में आते ही गरीब परिवारों को हर साल 72 हजार रुपए की राशि देगी।
कांग्रेस की इस योजना को देश भर में गांवों-गांवों और घरों-घरों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी युवाओं को आगे ला रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने लोक सभा चुनाव में युवा उम्मीदवार भी उतारे हैं। तमिलनाडु में दो, केरल में तीन और मध्य प्रदेश में युवा नेता को एक टिकट दिया गया है।