स्वास्थ्य विभाग ने मशीन के लिए जारी किए 40 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) में अब महिला मरीजों को इको टेस्ट के लिए आईजीएमसी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने केएनएच में इको टेस्ट सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
अस्पताल में नई इकोकाॅर्डियोग्राफी मशीन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 40 लाख रुपये आवंटित किए हैं। इससे पहले केएनएच में इको टेस्ट की सुविधा नहीं थी जिसके चलते महिला मरीजों को हृदय संबंधी जांच के लिए आईजीएमसी भेजा जाता था। इससे न केवल मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था बल्कि आईजीएमसी की इको यूनिट पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता था। मरीजों को कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता था और समय पर जांच न हो पाने की स्थिति में उनका उपचार टल जाता था। स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय से न केवल मरीजों को राहत मिलेगी बल्कि केएनएच की स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार आएगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही मशीन की आपूर्ति और इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि अगले दो से तीन महीनों में इको टेस्ट मशीन केएनएच में कार्य करना शुरू कर देगी।
अस्पताल प्रशासन ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि यह सुविधा महिला मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। केएनएच की वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र नेगी ने बताया कि इको टेस्ट मशीन लगने से ओपीडी में आने वाली हृदय रोग संबंधी लक्षणों वाली महिलाओं को तत्काल जांच और उपचार सुविधा मिल सकेगी।