छात्रवृत्ति परीक्षा की विजेता छात्राएं की सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कान्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी चैल्सी स्कूल में शुक्रवार को वरिष्ठ वर्ग के खेल दिवस में छात्राओं ने प्रतिभा का परिचय दिया। जीवंत उभरते सितारे शीर्षक से आयोजित इस वार्षिक खेल दिवस में एथलेटिक्स और अन्य खेल मुकाबले हुए।
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर भानु खन्ना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य सिस्टर ग्रेटा ने कहा कि सफलता वहीं है जहां तैयारी और अवसर मिलते हैं। उन्होंने शारीरिक फिटनेस, समग्र विकास और अखंडता के महत्व को बताया। खेल दिवस में स्कूल के झंडे को फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। खेल दिवस आयोजन में ओलंपिक मशाल जलाकर शांति, एकता और खेल भावना का संदेश दिया गया। इसके बाद खेल कप्तान रिधिमा माष्टा को मशाल सौंपी। सातवीं कक्षा की छात्राओं ने शांत मंडला योग ड्रिल, नौवीं कक्षा की छात्राओं ने बास्केटबॉल ड्रिप्लिंग, 12वीं कक्षा ने तलवार और टेनिस ड्रिल, छठी कक्षा की छात्राओं की छतरी ड्रिल की प्रस्तुतियां दीं। 11वीं कक्षा की छात्राओं ने शक्तिशाली भाला फेंक, आठवीं कक्षा की छात्राओं ने गणित ड्रिल और दसवीं कक्षा की छात्राओं ने आईपीएल से प्रेरित ऊर्जा क्रिकेट ड्रिल की। छात्रवृत्ति परीक्षा की विजेता छात्राओं को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।
खेलों से पैदा होती है टीम भावना : खन्ना
ब्रिगेडियर भानू खन्ना ने कहा कि खेल गतिविधियां टीम भावना, सौहार्द के साथ अनुशासन को प्रोत्साहित करती हैं। इससे व्यक्तित्व विकास के साथ खिलाड़ी का सर्वांगीण विकास होता है। स्कूल की हेड गर्ल गहना चंदेल ने मुख्यातिथि और अभिभावकों का इस आयोजन में सहयोग करने के लिए आभार जताया।