कुश्ती खेल में भारत को गोल्ड मेडल जिताकर राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित कुश्ती खिलाड़ी योगेश्वर दत्त अब पहाड़ में पहलवानों को तराशने का काम करेंगे। इसके लिए उन्होंने मंडी जिले को चुना है।
रविवार को भारतीय खेल प्राधिकरण छात्रावास धर्मशाला में खिलाड़ियों को टिप्स देने आए योगेश्वर ने कहा कि वह गोहाणा (हरियाणा) में कुश्ती अकादमी खोलेंगे। इसकी एक ब्रांच मंडी में खोली जाएगी। इसमें पहलवानों को भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हरियाणा में कुश्ती अकादमी खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शीघ्र इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। योगेश्वर ने कहा कि हरियाणा में खिलाड़ियों को सरकार सम्मान देती है। यही कारण है कि हरियाणा से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल रहे हैं।