सावन शिवरात्रि पर हुआ मंदिर में विशेष पूजन संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के छोटा शिमला स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में मंगलवार को सावन शिवरात्रि पर पार्थिव शिवलिंग यानी हस्तनिर्मित मिट्टी के शिवलिंग की पूजा की गई। इस अवसर पर भक्तों ने मंदिर में शिवलिंग का विशेष पूजन किया। मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर में विशेष प्रवचन का आयोजन भी किया गया। पूजन में सुंदरनगर से आए आचार्य चंद्रकांत ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना कर पूजा-अर्चना करवाई। धार्मिक अनुष्ठान में छोटा शिमला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। श्रद्धालुओं ने स्वयं पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना कर भगवान शिव का पूजन किया। प्रवचन के दौरान आचार्य चंद्रकांत ने श्रद्धालुओं को पार्थिव शिवलिंग के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना में भाव और श्रद्धा का विशेष महत्व है। आचार्य ने बताया कि पार्थिव शिवलिंग जीवन के एक महत्वपूर्ण सत्य का भी बोध कराता है। सुंदरकांड मंडली छोटा शिमला की ओर से मधु जैरथ ने बताया कि बुधवार को मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भजन-कीर्तन के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।