इनमें 78 साल के रिगजिन सबसे बुजुर्ग और 19 साल के कलजंग सबसे युवा मतदाता हैं। इस पोलिंग बूथ पर टशीगंग और गेते गांव के वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। टशीगंग के दोरजे, हिशे और कलजंग का कहना है कि पहले उन्हें मतदान के लिए 12 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था।
दुर्गम क्षेत्र और पोलिंग बूथ दूर होने के कारण इस क्षेत्र के कई लोग वोट नहीं डाल पाते थे, लेकिन अब लोगों के लिए बड़ी सुविधा हो गई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में गांव के सभी मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
स्पीति घाटी के मुख्यालय काजा में कार्यकारी एडीएम जीवन सिंह ने बताया कि मतदान के दिन टशीगंग पोलिंग बूथ पर खास प्रबंध होंगे। इसे विशेष तौर पर सजाया जाएगा। हिमाचल में लोकसभा की चार सीटों के लिए 19 मई को मतदान होगा।
मतदाता पारंपरिक परिधान पहन कर मतदान के लिए आएंगे। उन्होेंने कहा कि मौसम साफ होते ही मतदान केंद्र तक जाने वाली सड़क को बहाल कर दिया जाएगा। पोलिंग टीम को मतदान से एक दिन पहले ही टशीगंग रवाना कर दिया जाएगा।
हिक्किम की बजाय अब टशीगंग सबसे ऊंचा मतदान केंद्र होगा। लोगों की सुविधा के मद्देनजर 4650 मीटर की ऊंचाई पर यह वोटिंग बूथ बनाया गया है। इस बारे में चुनाव आयोग को भी बताया जा रहा है।- अश्वनी कुमार चौधरी, जिला निर्वाचन अधिकारी, लाहौल-स्पीति