रूसा-2 के तहत पांच करोड़ रुपये से मजबूत होगा विश्वविद्यालय का आधारभूत ढांचा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में नई पार्किंग निर्माण और प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण का काम शुरू हो गया है। रूसा-2 के तहत इन दोनों परियोजनाओं पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें तीन करोड़ रुपये नई पार्किंग विकसित करने और दो करोड़ रुपये आधुनिक उपकरणों की खरीद तथा प्रयोगशालाओं के उन्नयन पर खर्च किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय परिसर में पार्किंग की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर नई पार्किंग विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही संबंधित स्थलों पर प्रारंभिक गतिविधियां भी शुरू कर दी गई हैं। परियोजना पूरी होने के बाद छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए पार्किंग व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।
दूसरी ओर विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों में प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके तहत नए वैज्ञानिक उपकरण, प्रयोगशाला मशीनें और अन्य आवश्यक संसाधन खरीदे जाएंगे। कई विभागों में पुराने उपकरणों को बदलकर आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे प्रायोगिक शिक्षण और शोध गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभागों से उपकरणों की आवश्यकताओं का विवरण लेकर खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ानी शुरू कर दी है। परियोजना का उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बेहतर प्रयोगशाला सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक ढांचे को सुदृढ़ करना है।
डीन प्लानिंग जोगिंदर धीमान ने बताया कि दोनों परियोजनाएं विश्वविद्यालय में चल रहे आधारभूत ढांचा विकास कार्यक्रम का हिस्सा हैं। प्रशासन निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है, ताकि परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।