भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय राहतकर ने कहा कि देश रानी लक्ष्मीबाई की 190वीं जयंती मना रहा है। इस उपलक्ष्य में देशभर में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से 200 स्थानों पर बाइक रैली करवाई जा रही है।
विजय बौड़ (नूरपुर) में प्रदेश भाजपा महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की हैं। स्वच्छ भारत अभियान में देश में सात करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया है।
इससे देश में विशेषकर करोड़ों महिलाओं को लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान करने से करोड़ों महिलाएं लाभान्वित र्हुइं। कार्यकर्ताओं से मिशन 2019 में भाजपा की जीत को सुनिश्चित करने के लिए चुनावी मोर्चे पर डटने का आह्वान किया।
आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार का एजेंडा है। राज्य सरकार के प्रयास प्रदेश के सभी क्षेत्रों का कल्याण और विकास के लक्ष्य को हासिल करने का है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने प्रदेश के लोगों को जाति और धर्म के नाम पर विभाजित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दूरदर्शी नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के राज्य का चहुंमुखी तथा संतुलित विकास हो रहा है।