चंबा की चंपा ठाकुर के घर डीजे पर देर रात तक नाचे लोग
चुराह (चंबा)। कबड्डी विश्वकप जीतने वाली टीम में शामिल चुराह के बघेईगढ़ गांव की चंपा ठाकुर के घर लोगों ने उनके माता-पिता को हार पहनाए। चंपा के घर में जीत का जश्न मनाया गया। लोगों ने घर आकर माता-पिता को बधाई दी। देर रात तक लोग डीजे के धुनों पर थिरकते रहे। पिता रमेश ठाकुर ने बताया कि उन्हें चंपा पर गर्व है।
भावना ने दम दिखाकर दिलाई जीत
उपमंडल पंडोह के पिपलागलू गांव की भावना ठाकुर ने महिला विश्व कप कबड्डी प्रतियोगिता में भारत को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई। बांग्लादेश के ढाका में हुए फाइनल में भावना के शानदार प्रदर्शन से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। भारतीय टीम ने फाइनल में चीनी ताइपे को 35-28 से हराकर जीत दर्ज की। जिला कबड्डी संगठन के सचिव नेत्र सिंह ठाकुर ने बताया कि भावना ने फाइनल में बेहतरीन रक्षात्मक रणनीति और मजबूत खेल कौशल से भारतीय टीम की विजय में अहम योगदान दिया। जिला कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान श्यामलाल ठाकुर ने घोषणा की कि भावना ठाकुर के मंडी पहुंचने पर उनका स्वागत किया जाएगा।