शराब ठेका खोलने के विरोध में महिलाओं ने हाईवे किया जाम
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जोगिंद्रनगर शहर के अपरोच रोड पर शराब ठेका खोलने के विरोध में महिलाओं ने पठानकोट-मंडी हाईवे पर प्रदर्शन किया। गुरुवार सुबह करीब 20 मिनट तक हाईवे में यातायात ठप रहा। महिलाओं ने 11 बजे से लेकर 11:20 बजे तक हाईवे में बैठकर नारेबाजी की। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हाईवे जाम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं से बातचीत की और हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करवाया। शराब के ठेके को लेकर महिलाओं ने कड़ा एतराज जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि शराब का ठेका खुल जाने से नशेड़ियों का जमावड़ा बढ़ेगा।
इससे महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी। अंधेरा होते ही महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल होगा। इसलिए वे शराब के ठेके को खुलने नहीं देंगी। अगर प्रशासन ने रिहायशी इलाके में खुले शराब के ठेके को बंद नहीं किया तो वे जबरन बंद करवा देंगी। महिलाएं ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा के पास पहुंची। एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को आश्वासन दिलाया है कि वह नियमों के तहत जरूरी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने राज्य कर एवं आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त मोहित शुक्ला को शराब के ठेके से संबंधित रिपोर्ट कार्यालय में सौंपने के आदेश जारी किए।
शराब ठेके को खोलने से संबंधित तमाम औपचारिकताओं को पूरा किया गया है। विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं की मांगों को पूरा करने के लिए वह विभाग के उच्चाधिकारियों से पत्राचार करेंगे।
-मोहित शुक्ला, सहायक आयुक्त, आबकारी एवं कराधान विभाग जोगिंद्रनगर
अपरोच रोड के नजदीक शराब के ठेके के विरोध को लेकर महिलाओं ने बीच सड़क में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महिलाएं शांत हुईं। मामले की जांच की जा रही है।
-शालिनी अग्निहोत्री, एसपी मंडी