'साहब मेरे चार बच्चे हैं। शराबी पति जो जमीन बची है उसे भी बेचना चाहता है। ऐसे में हम सड़क पर आ जाएंगे।' यह मामला चंबा का है। शहर के साथ लगते एक गांव की महिला ने तहसीलदार चंबा को ज्ञापन सौंप कर गुहार लगाई है कि उसके पति को उनकी जमीन न बेचने दी जाए।
उसकी चार संतानें हैं ऐसे में उनके भविष्य में काफी दिक्कतें पेश आ सकती हैं। फरियादी महिला ने बताया कि वह बीपीएल परिवार से संबंध रखती है। जिसके चलते बमुश्किल ही उनका गुजारा हो पाता है, लेकिन उसके पति ने अपने नजदीकी रिश्तेदार को यह जमीन बेचने की ठान रखी है।
अगर यह जमीन बिक जाती है तो उसके बच्चे कहां जाएंगे? महिला ने तहसीलदार से गुहार लगाई है कि उसके पति को जमीन बेचने से रोका जाए। तहसीलदार चंबा अमन कुमार राणा ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। जिस पर आवश्यक कोई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।