इसी दौरान रणवीर की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां आने लगीं। इसी बीच एक अज्ञात युवक बाइक पर वहां पहुंचा और मदद की पेशकश करते हुए महिला से कहा कि वह उन्हें उनके घर तक छोड़ देता है। महिला ने उसकी बात ठुकरा दी और कहा कि वे स्वयं घर चले जाएंगे। आरोप है कि इसके बाद युवक ने अचानक पिस्तौल निकालकर महिला को धमकाया, धक्का दिया और उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया।
पीड़ित दंपती के अनुसार आरोपी की भाषा स्थानीय नहीं लग रही थी। उन्होंने बताया कि उनके पास करीब 50 हजार रुपये नकद भी थे, लेकिन आरोपी केवल सोने की बालियां लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना अप्पर लोहारा पंचायत की प्रधान संगीता बाला को दी गई। सूचना मिलते ही प्रधान मौके पर पहुंचीं और पुलिस को इसकी जानकारी दी। चिंतपूर्णी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित दंपती के बयान दर्ज किए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पास के एक पेट्रोल पंप के कैमरे में एक बाइक सवार युवक जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।