हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान आईजीएमसी में ब्लैक फंगस से पीड़ित एक महिला मरीज की मौत हो गई है। यह महिला मरीज नेरचौक से आईजीएमसी रेफर की गई थी। अस्पताल में ब्लैक फंगस से पीड़ित महिला मरीज की मौत की पुष्टि एमएस डॉ. जनकराज ने की है। उधर, अस्पताल में अब तक इस बीमारी से 3 मरीजों की मौत हो गई है, जबकि 10 मरीज इस बीमारी अस्पताल में उपचार के लिए आ चुके हैं। आईजीएमसी में हमीरपुर की रहने वाली इस महिला को आईजीएमसी में 20 मई को दाखिल किया था।
ब्लैक फंगस का प्रदेश में यह पहली मरीज थी। अस्पताल पहुंचने के बाद महिला को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया था। यहां महिला मरीज चिकित्सकों की निगरानी में थी। हालांकि, महिला का शुगर लेवल अधिक होने के चलते चिकित्सक शुरुआती दिनों में महिला मरीज की सर्जरी नहीं कर पाए थे, लेकिन हालत में हल्का सुधार होने के बाद चिकित्सकों ने महिला मरीज के आंखों के पास हुए फंगस के इलाज के दौरान एक आंख को भी निकाल दिया था। महिला की हालत काफी गंभीर बनी हुई थी। इसके चलते महिला मरीज की मौत हो गई।