ऊना। जिले में कोरोना का कहर लगातार जारी है। मंगलवार को एक 65 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत रिपोर्ट हुई है। जबकि, 19 उद्योग कामगारों समेत कुल 200 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। लैब जांच रिपोर्ट में आठ स्वास्थ्य कर्मी, चार बैंक कर्मी भी संक्रमित मिले हैं।
जानकारी के अनुसार डंगोली की 65 वर्षीय महिला को मंगलवार सुबह सांस लेने में तकलीफ के साथ क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। रैट में महिला कोरोना संक्रमित निकली। क्षेत्रीय अस्पताल से महिला को मेकशिफ्ट अस्पताल पालकवाह शिफ्ट किया गया। यहां दोपहर को महिला ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ जिले में अब तक कोरोना से कुल 265 मौतें रिपोर्ट हो चुकी हैं।
उधर, मंगलवार को 1026 सैंपलों की जांच में 200 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिविटी दर 19.34 प्रतिशत जा पहुंची है। आरटीपीसीआर लैब में जांच किये सैंपल में से 310 निगेटिव, 17 सैंपल रिपीट और 40 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 37 नए और तीन फॉलोअप मामले हैं। इसी तरह रैपिड एंटीजन टेस्ट में 767 सैंपलों की जांच की गई। इनमें से 163 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये मामले जिले के अलग-अलग भागों से हैं।
आरएच ऊना से दो, सीएचसी थानाकलां से छह, एसबीआई ऊना से एक, एसबीआई अंब से दो, ग्रामीण बैंक बंगाणा से एक, एसडीएम कार्यालय हरोली से एक और टाहलीवाल के एक उद्योग से एक साथ 19 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। उक्त उद्योग से पहले भी काफी संख्या में कर्मी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। रैपिड एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट में अम्ब स्वास्थ्य खंड में 184 सैंपलों की जांच में 46 कोरोना संक्रमित, बसदेहड़ा (सदर) में 104 सैंपलों की जांच में 23, गगरेट स्वास्थ्य खंड में 118 सैंपलों की जांच में 26, हरोली में 207 सैंपलों की जांच में 30, थानाकलां स्वास्थ्य खंड में 55 सैंपलों की जांच में 11 कोरोना संक्रमित मिले हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 99 सैंपलों की जांच में 27 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ रमन कुमार शर्मा ने बताया कि मंगलवार को मिले सभी कोरोना मरीजों को लेकर हेल्थ प्रोटोकॉल के अनुसार शिफ्ट व होम आइसोलेट करने की प्रक्रिया अमल पर लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी नियमों का पालन करें। लक्षण होने पर तुरंत टेस्ट करवाएं।
पालकवाह में चल रहा 11 मरीजों का उपचार
मंगलवार सुबह की रिपोर्ट के अनुसार एक्टिव मामलों में से पालकवाह में 11, आईआरबी बनगढ़ में 3, टांडा मेडिकल कॉलेज में 3, आईजीएमसी शिमला में एक, पीजीआई चंडीगढ़ में दो का उपचार चल रहा है। अन्य मामले होम आइसोलेशन में चल रहे हैं। 22 मामले अन्य राज्य को माइग्रेट हो गए हैं। जबकि, कुछ मामलों में संक्रमित लोग अन्य जिलों को शिफ्ट हुए हैं।