केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि प्रदेश में विंटर स्पोर्ट्स की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए जल्द ही स्पोर्ट्स ऑफ इंडिया की टीम प्रदेश की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण करेगी और विंटर स्पोर्ट्स सेंटर खोला जाएगा। रविवार को रैली ऑफ चंबा के समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अत्यधिक बर्फबारी वाले क्षेत्रों में विंटर स्पोर्ट्स जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
श्रीनगर से चॉपर से पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू का सुल्तानपुर हैलीपैड में जिला प्रशासन व भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने कार रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में औषधीय पौधों को लगाने और इनके व्यावसायिक प्रयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने पर्यटन व्यवसाय को चंबा में विकसित करने के प्रशासनिक प्रयास ‘चलो चंबा’ की खूब सराहना की।
उन्होंने बारगाह स्थित मैदान में मल्टीपर्पस कांप्लेक्स, विधानसभा क्षेत्र चंबा में ओपन जिम के लिए पचास लाख रुपये की राशि देने सहित भटियात, डलहौजी और भरमौर में ओपन जिम के लिए 25-25 लाख का सामान उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। उल्लेखनीय है कि संबोधन से पहले किरण रिजिजू ने चंबा सदर का विधायक बिक्रम सिंह जरयाल को बता दिया और तुरंत इस गलती को दुरुस्त भी कर लिया। कहा कि हिंदी और इंग्लिश में भाषण लिखा होने के चलते ही इस प्रकार की चूक हुई है।
2004 में आए थे खज्जियार, डलहौजी
केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि इससे पहले वह 2004 में चंबा जिला के पर्यटन स्थल खज्जियार, डलहौजी व काला टोप पहुंचे थे, जहां उन्होंने ट्रैकिंग की थी।
एसडीएम की थपथपाई पीठ
रैली ऑफ चंबा के आयोजन को लेकर जहां प्रशासन की किरण रिजिजू ने प्रशंसा की, वहीं एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का तालमेल सराहनीय है। रिजिजू ने जिला प्रशासन की यंग ब्रिगेड की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उपायुक्त चंबा डीसी राणा, एडीसी मुकेश रेपस्वाल, एसडीएम शिवम प्रताप सिंह व स्थानीय विधायकों की मदद से ही एडवेंचर का खेल आयोजित हो सका है।