प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन जुन्गा में विजेताओं को किया सम्मानित
जुन्गा (शिमला)। प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन जुन्गा में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सखी सम्मेलन का आयोजन किया गया। बटालियन के कमांडेंट भूपेंद्र नेगी की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में बटालियन की महिला कर्मचारियों के साथ आसपास की पंचायतों की करीब 100 महिलाओं ने भाग लिया।
सीमा नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ-साथ समाज में आपसी सहयोग और संवाद को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कला एवं कौशल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें सिलाई-कढ़ाई, मेहंदी, चित्रकला, क्रोशिया, स्वादिष्ट व्यंजन एवं स्थानीय पारंपरिक व्यंजन बनाने की प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। मटकी फोड़ और रस्साकशी प्रतियोगिताओं में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। पुलिस कमांडेट भूपेंद्र नेगी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस विभाग और स्थानीय जनता के बीच विश्वास, संवाद और आपसी सामंजस्य को मजबूत करना रहा।