हिमाचल में एक अप्रैल से शराब 10 से 15 फीसदी महंगी हो जाएगी। प्रदेश सरकार ने शराब ठेकों की बेसिक लाइसेंस फीस में 15 फीसदी का इजाफा किया है। कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद आबकारी एवं कराधान विभाग ने शनिवार को बेसिक लाइसेंस फीस की नई दरें जारी कर दी हैं।
सरकार के इस कदम के बाद शराब की कीमतों में इजाफा होना तय है। शराब की बढ़ी हुई दरें भी विभाग की ओर से 31 मार्च से पहले तय कर दी जाएंगी। नई आबकारी नीति में शराब ठेकों के रिन्यूवल की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
केवल बेसिक लाइसेंस फीस में ही वृद्धि की गई है। इसी बढ़ोतरी से शराब की कीमतों पर असर पड़ेगा। इससे उत्पादकों से लेकर ठेकेदारों तक इसकी चपेट में आएंगे। विभाग ने शराब की बोतलों पर बढ़ी हुई दरों के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदन आने के बाद दरें तय कर दी जाएंगी।