हिमाचल में जिला प्रशासन मंडी और युवा सेवा एवं खेल विभाग ने नेशनल में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए नई पहल शुरू करने की योजना बनाई है। अब जिला प्रशासन और खेल विभाग नेशनल में गोल्ड मेडल जीतने वाले मंडी जिला के खिलाड़ियों को प्रति माह एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में देगा।
इसके अलावा ऐसे खिलाड़ियों के लिए साल में एक बार किट के लिए पांच हजार रुपये की राशि अलग से दी जाएगी। जिला प्रशासन और खेल विभाग ने इसके लिए पूरा खाका तैयार कर दिया है। प्रोत्साहन राशि सिर्फ 20 साल से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों को देने का प्रावधान रहेगा।
जब खिलाड़ी की आयु 20 से अधिक हो जाएगी तो राशि बंद कर दी जाएगी। जिस भी खिलाड़ी ने राष्ट्रीय स्तर की खेलों में गोल्ड मेडल जीता होगा। उसे उपरोक्त राशि देने का प्रावधान रहेगा। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन और खेल विभाग की यह पहली योजना है, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की कोई भूमिका नहीं है।