मजदूरों को दिन रात काम करने के दिए हैं निर्देश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग को बालूगंज सड़क को दो दिन के भीतर बहाल करने के निर्देश दिए हैं। पहाड़ी दरकने के बाद मलबा आने से मुख्य सड़क बंद पड़ी है। इससे बालूगंज के सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोक निर्माण विभाग अब सड़क के साथ वैकल्पिक मार्ग बना रहा ताकि लोगों को बालगूंज के लिए वाया चक्कर न जाने पड़े। चीफ इंजीनियर शिमला जोन सुरेंद्र पॉल ने कहा कि मुख्य सड़क से मलबा हटाने में अभी समय लगेगा। अभी मलबा को हटाया जाता है तो ऊपर वाले हिस्से से फिर भूस्खलन होने की संभावना है। ऐसे में बालगूंज के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। सड़क बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने युद्ध स्तर पर काम शुरू किया है। दिनरात रात कर्मचारी सड़क बहाल करने में लगे हैं।
लोक निर्माण विभाग ने दावा किया है कि दो दिन के भीतर इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी मौके का दौरा किया था। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को चौबीस घंटे युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश दिए हैं।