गेयटी थियेटर में सात जुलाई से वुडपेकर एनवायरमेंट और वाइल्डलाइफ फिल्म फेस्टिवल शुरू होने जा रहा है। इस दौरान 45 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। स्कूल के बच्चों के लिए अलग से सेक्शन होगा। मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान वुडपेकर फिल्म फेस्टिवल के निदेशक नरेंद्र यादव ने बताया कि पहली बार शिमला में इस तरह का फेस्टिवल करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान तीन दिन में तीस से चालीस मिनट की 45 फिल्में दिखाई जाएंगी। इसमें चार फिल्में हिमाचल वाइल्ड लाइफ और एनवायरमेंट पर बनी हैं। चार ऐसी फल्में दिखाई जाएंगी, जिन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है।
उन्होंने बताया कि सारी फिल्में अलग- अलग मुद्दों पर आधारित हैं। इन्हें अलग- अलग समस्याओं के साथ दिखाया गया है और कुछ समस्याओं का समाधान भी दिखाया गया है। साथ ही फेस्टिवल के दौरान आठ जुलाई को स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी होगी।
सेल्फी विद शिमला प्रतियोगिता
वुडपेकर ने इस दौरान सेल्फी विद शिमला कार्यक्रम भी रखा है। इसमें शहर का कोई भी युवक शहर की किसी समस्या के एक मुद्दे के साथ मोबाइल फोन से अपनी सेल्फी खींचकर लाता है और सेल्फी पसंद की गई तो सेल्फी डाक्यूमेंटरी में दिखाई जाएगी और पुरस्कार भी दिया जाएगा।