कांगड़ा जिले की मुलथान तहसील में 84 ट्रांसफार्मर बंद होने से 40 गांवों में अंधेरा छाया रहा। मंडी में 70 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। रोहतांग में 210, जलोड़ी दर्रा में 150, सोलंगनाला में 90 सेंटीमीटर बर्फ रिकॉर्ड की गई है। चौपाल-शिमला मुख्य मार्ग भी बाधित है। चंबा जिला में 40 मार्गों सहित बिजली के 25 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। जनजातीय क्षेत्र पांगी में भी बिजली आपूर्ति बंद है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार से हिमाचल में दोबारा बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं। 16 जनवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना है। 13 जनवरी को ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ओलावृष्टि और गरज के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, आठ जिलों के लिए 13 जनवरी को भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। राज्य के सात भागों का न्यूनतम तापमान माइनस में है।
राजधानी शिमला में बर्फ अब जानलेवा बनने लगी है। बर्फ पर फिसलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं ढाई दर्जन लोग घायल हो गए। नेपाल निवासी टीकाराम बर्फ पर गिरकर घायल हो गया था। शिमला के जोनल अस्पताल रिपन में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, कुल्लू के ब्यासा मोड़ स्थित हिमुडा शॉपिंग कांप्लेक्स की एलआईसी बिल्डिंग में एक साधु मृत मिला है।
अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण ठंड बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने शव मिलने की पुष्टि की है। जिला सिरमौर के पच्छाद थाना के प्रेमनगर में हरियाणा के कालका के चिकन खेड़ा के मनोज कुमार (35) की शराब के नशे में रातभर ठंड में पड़े रहने से मौत हो गई है। युवक अपने एक साथी के साथ किसी कार्य से आया था। बीते दिन चंबा में एक की जान चली गई थी।