हिमाचल के सिरमौर जिले के पांवटा के अजीवाला में मामूली सी बात पर एक युवक ने खुद को आग के हवाले कर दिया। युवक की मां ने उसे बाइक चलाने को नहीं दी। इससे नाराज राजबन निवासी 19 वर्षीय युवक ने पेट्रोल छिड़कर खुद को आग लगा ली। घायल युवक को पांवटा अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर परिजन उसे नाहन के निजी अस्पताल लेकर चले गए। आग से युवक 30 से 40 प्रतिशत तक झुलस चुका है। माजरा पुलिस ने मामला संज्ञान में आने पर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार माजरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पड़ने वाले ग्राम अजीवाला में राजबन की आदर्श कॉलोनी निवासी युवक रिंकू (19) अपने मामा के घर पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि रिंकू की मां ने उसे बाइक ज्यादा नहीं चलाने को लेकर समझाया था। जब युवक बाइक का तेल लेने बाहर चला गया।
उस समय उसकी मां किसी परिवार के अन्य सदस्य के साथ बाइक को लेकर चली गई। उधर तेल लेकर वापस लौटे रिंकू ने जब मौके पर बाइक नहीं देखी तो वह नाराज हो गया। जब उसे पता चला कि उसकी मां बाइक लेकर गई है तब तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। उसने उसी समय तैश में आकर खुद पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली। इससे युवक 30 से 40 प्रतिशत तक बुरी तरह से झुलस गया। युवक की हालत गंभीर होने पर परिजन उपचार के लिए उसे पहले सिविल अस्पताल पांवटा लेकर पहुंचे। लेकिन हालत गंभीर होने पर परिजन उसे नाहन के एक निजी अस्पताल में लेकर चले गए। उधर, माजरा थाना पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद तककीकात शुरू कर दी है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने बताया कि युवक द्वारा खुद को आग लगाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।