20 मार्च तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा।
- फोटो : नरेश भारद्वाज
हिमाचल के सभी क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ रहेगा। वीरवार से फिर पूरे प्रदेश में मौसम के मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। आगामी चार दिन तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 20 मार्च तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 18 मार्च को सूबे के मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, चंबा और मंडी में ओलावृष्टि और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है।
मंगलवार को भी प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा। जिला कुल्लू और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने की सूचना है। मंगलवार को शिमला में अधिकतम तापमान 15.4, सुंदरनगर में 25.7, भुंतर में 22, कल्पा में 11, ऊना में 27.2, नाहन में 23, सोलन में 21.5 और धर्मशाला में 19.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान केलांग में माइनस 6.4, कल्पा में माइनस 1.4, मनाली में 0.6, डलहौजी में 3.9, शिमला में 5.4 और धर्मशाला में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।