प्रदेश में 12 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। किसी भी क्षेत्र में एक सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और अधिक कमी आएगी।
हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के चलते प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। शनिवार को राजधानी शिमला में धूप खिलने के बावजूद दिन भर ठंडी हवाएं चली। शहर के पारे में भी दो डिग्री की कमी आई है।
शनिवार को शिमला में अधिकतम तापमान 10.7, ऊना में 22.3, धर्मशाला में 14.2, नाहन-सोलन में 15.5, कांगड़ा में 19.2, बिलासपुर में 18.8, हमीरपुर में 17.8, चंबा में 17.0, सुंदरनगर में 18.2, भुंतर में 17.4, डलहौजी में 4.5 और कल्पा में 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
अधिकतम तापमान घटने के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी कम होना शुरू हो गया है। शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 11.3, मनाली में माइनस 5.4, कल्पा में माइनस 5.2, सोलन में 0.0, भुंतर में 0.1, सुंदरनगर में 0.2, डलहौजी में 0.7, चंबा में 1.2, शिमला में 1.4, पालमपुर में 2.0, ऊना में 2.4 और धर्मशाला में 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।