प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई है। पूरे प्रदेश में 31 अगस्त तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है।
शुक्रवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। शहर में शुक्रवार को कई दिनों के बाद बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। जिला मुख्यालय ऊना सहित उपमंडल बंगाणा एवं संतोषगढ़ नगर सहित अन्य इलाकों में शुक्रवार को हुई जोरदार बारिश से कई जगह खेतों में मक्की की फसल तबाह हो गई।
जिला में बारिश से कई सड़कें टूटने और रविद्युत लाइनें खराब होने से विद्युत बोर्ड और लोक निर्माण विभाग को नुकसान पहुंचा है। बंगाणा में दोपहर के समय इतनी तेज बारिश हुई कि चालकों को सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करनी पड़ीं।
शुक्रवार को शिमला में अधिकतम तापमान 22.2, ऊना में 33.2, सोलन में 27.5, कांगड़ा में 27.8, नाहन में 27.2, सुंदरनगर में 31.4, भुंतर में 31.7, धर्मशाला में 28.2, कल्पा में 22.6, हमीरपुर में 32.0, बिलासपुर में 32.8, मंडी में 28.6 और मनाली में 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।