शनिवार को पूरे प्रदेश में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को शिमला में अधिकतम तापमान 21.0, ऊना में 33.0, नाहन में 28.1, सोलन में 25.0, कांगड़ा में 28.1, बिलासपुर में 30.3,
हमीरपुर में 29.3, चंबा में 26.7, सुंदरनगर में 28.0, भुंतर में 26.8, कल्पा में 16.0, केलांग में 8.1 और डलहौजी में 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।शुक्रवार रात को केेलांग में न्यूनतम तापमान -1.1, मनाली में 1.1, कल्पा में 2.4, शिमला में 9.1 और मंडी में 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उधर, ताजा बर्फबारी के कारण बंद हुए रोहतांग दर्रा को फिर बहाल करने में बीआरओ को खूब पसीना बहाना पड़ेगा। बीआरओ सूत्रों के मुताबिक रोहतांग समेत, कुंजम, बारालाचा और तंगलंगला दर्रों में 2 से 3 फुट तक बर्फ गिरी है।
ऐसे में अब मिशन स्नो क्लीयरेंस के दौरान हिमखंड गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। रोहतांग बहाली में बीआरओ को करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। अचानक दर्रा बंद हो जाने से घाटी में करीब दो दर्जन वाहन फंसे हुए हैं।
हिमपात के कारण मनाली-लेह सामरिक मार्ग को बहाल करने की मुहिम को भी झटका लगा है। पहले 28 अप्रैल तक मनाली-लेह सड़क मार्ग बहाल करने का टारगेट निश्चित किया गया था। लेकिन अब मई माह में ही सामरिक मार्ग खुलने की उम्मीद है।