परिवहन मंत्री जीएस बाली ने पौंग, भाखड़ा, चमेरा व कोल डैम जलाशयों में वाटर टैक्सी शुरू करने का प्रपोजल रखा।
- फोटो : फाइल फोटो
प्रदेश के परिवहन व तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने केंद्रीय सड़क परिवहन व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वैकल्पिक परिवहन का हिमाचल प्रदेश में स्कोप होने की दलील देते हुए केंद्र की वाटर हाईवे योजना को हिमाचल में शुरू करने की अपील की। मुलाकात के दौरान बाली ने प्रदेश के पौंग, भाखड़ा, चमेरा व कोल डैम जलाशयों में अत्याधुनिक वाटर टैक्सी को शुरू करने के लिए फंडिंग करने का प्रपोजल भी रखा।
साथ ही तारादेवी शिमला रज्जु मार्ग के लिए भी बजट के प्रावधान करने के लिए आग्रह किया। बाली ने बताया कि सभी प्रस्तावों पर केंद्रीय मंत्री ने पाजिटिव रिस्पांस दिया है। साथ ही दो महीने के अंदर ही हिमाचल का दौरा करने का भी आश्वासन दिया है। इससे पहले बाली ने मंगलवार को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी से भी मुलाकात की थी।
मुलाकात के दौरान बाली ने तकनीकी शिक्षा के लिए केंद्र से फंडिंग की मांग तो की। साथ ही प्रदेश में जल्द से जल्द आईआईएम शुरू करने की भी सिफारिश की। इस दौरान ईरानी ने उन्हें जल्द ही प्रदेश का दौरा कर मंत्रालय से संबंधित योजनाओं में आ रही दिक्कतों को दूर करने का आश्वासन दिया।
बाली ने बताया कि सोशल मीडिया पर कांगड़ा क्षेत्र के बच्चे लगातार धर्मशाला में राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षा केंद्र की मांग कर रहे हैं। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए शिमला के साथ धर्मशाला में भी एसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के एग्जाम सेंटर की जरूरत से उन्हें अवगत करवाया। उन्होंने कहा है कि इस दिशा में अधिकारियों को वह जरूरी निर्देश देंगी।