शिमला। ऐतिहासिक रिज टैंक की पेयजल लाइन में मरम्मत कार्य के चलते शहर के कई इलाकों में रविवार को पानी नहीं आया। माल रोड पर दिनभर संजौली टैंक की लाइन को चौड़ा मैदान की लाइन में जोड़ने का काम जारी रहा।
इसके चलते चौड़ा मैदान, नाभा, फागली, चक्कर, कामना देवी, अनाडेल, बालूगंज आदि इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं दी गई है। देर शाम तक मरम्मत कार्य जारी रहा। पेयजल कंपनी के अनुसार अगले हफ्ते तक रिज टैंक में पड़ी दरारों का मरम्मत कार्य शुरू होना है। एक कंपनी को इसका काम दिया गया है। मरम्मत कार्य के दौरान टैंक करीब डेढ़ माह तक खाली रखना होगा। ऐसे में शहरवासियों को पानी की दिक्कत न आए, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। संजौली टैंक से जो पानी रिज टैंक में पहुंचता है, उसे अब टैंक में डालने की बजाय पेयजल लाइनों से सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए इन लाइनों को आपस में कनेक्ट किया जा रहा है। कंपनी के अधिकारियों की मौजूदगी में रविवार देर शाम तक इसका काम जारी रहा।
आज मिलेगा पानी : एजीएम
कंपनी का दावा है कि जिन इलाकों में रविवार को पानी नहीं दिया गया है, वहां सोमवार सुबह प्राथमिकता के आधार पर सप्लाई दे देंगे। एजीएम गोपाल कृष्ण का कहना है कि रविवार को शहर के लिए 45 एमएलडी पानी मिला है। ऐसे में पानी की कमी नहीं है। मरम्मत कार्य के चलते सप्लाई रोकनी पड़ी है, लेकिन सोमवार को नियमित सप्लाई मिलेगी।