राजधानी में पानी की अघोषित राशनिंग शुरू कर दी गई है। बीते तीन दिन से नगर निगम शहर के लोगों को एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई दे रहा है।
रविवार को भी आधे शहर में ही पानी की सप्लाई दी गई। छुट्टी के दिन पानी न आने के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
रविवार को राजधानी के सेंट्रल जोन के तहत माल रोड, लोअर बाजार, राम बाजार, सब्जी मंडी, कृष्णानगर, लक्कड़ बाजार, अनाडेल और छोटा शिमला जोन के तहत छोटा शिमला बाजार, ब्राकहास्ट, साधना घाटी, स्ट्राबेरी हिल और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हुई।
पानी की सप्लाई न होने के कारण नगर निगम के रिज मैदान स्थित कंट्रोल रूम में पानी के टैंकरों के लिए शहर भर से फोन दनदनाते रहे। रविवार को नगर निगम ने एक दर्जन से अधिक स्थानों पर टैंकरों के जरिये पानी की सप्लाई दी।
लोकल बस स्टैंड, लेबर ब्यूरो, संकट मोचन, चौड़ा मैदान, नाभा और कमला नेहरू अस्पताल को पानी की सप्लाई टैंकर के माध्यम से दी गई।
नगर निगम प्रबंधन ने शहर के उन क्षेत्रों में सोमवार को पानी देने की बात कही है, जहां रविवार को पानी नहीं दिया जा सका। बीते तीन दिन से शहर में ऐसी ही स्थिति चल रही है लेकिन नगर निगम इसे पानी की राशनिंग मानने से मना कर रहा है।