शिमला। भारी बारिश के कारण पेयजल परियोजनाओं में गाद आने से शहर के लिए पानी की सप्लाई ठप हो गई है। बुधवार को आधे शहर में पानी की सप्लाई नहीं दी गई। वीरवार को भी कई इलाकों में पानी नहीं आएगा। पेयजल कंपनी के अनुसार भारी बारिश के बाद आई गाद के कारण गिरि में मंगलवार रात भर पंपिंग बंद रही। इसके कारण शहर को महज 35.33 एमएलडी पानी की सप्लाई हुई जो सामान्य से करीब 15 एमएलडी कम रही। सुबह के समय सेंट्रल जोन में पानी की सप्लाई नहीं दी गई। सेंट्रल जोन में आने वाले मालरोड, रिज मैदान, लोअर बाजार, राम बाजार, सब्जी मंडी एरिया, कृष्णानगर, यूएस क्लब, लक्कड़ बाजार में पानी नहीं आया। शाम के समय कैथू के लिए पानी की सप्लाई दी गई है। उधर, लोअर खलीनी, एसडीए कांपलेक्स कसुम्पटी, टुटू, मज्याठ, स्ट्राबरी हिल्स, संजौली, इंजनघर, इंद्रनगर, नवबहार, नेरीधार, चलौंठी में भी पानी नहीं आया। गिरि परियोजना से बुधवार शाम तक भी सिर्फ दो ही पंप चालू हो पाए हैं। ऐसे में वीरवार को भी कई इलाकों की सप्लाई में कट लग सकता है।
आज इन इलाकों में आएगा पानी
पेयजल कंपनी के अनुसार वीरवार सुबह उन इलाकों में पानी दिया जाएगा जहां बुधवार को सप्लाई नहीं दी गई थी। सेंट्रल जोन, संजौली बाजार, इंजनघर, चलौंठी, इंद्रनगर, टुटू, मज्याठ, नेरीधार, नवबहार, समरहिल, बालूगंज, नाभा फागली एरिया में पानी दिया जाएगा। घोड़ा चौकी, कच्चीघाटी, छोटा शिमला, ढली, मशोबरा इलाकों में पानी की उपलब्धता होने पर ही सप्लाई दी जाएगी।
पेयजल कंपनी के एजीएम राजेश कश्यप ने बताया कि गिरि में गाद के कारण पंपिंग रोकनी पड़ी है। दो पंप चालू कर दिए हैं। कोशिश रहेगी कि वीरवार को 40 एमएलडी तक सप्लाई शहर को पहुंचाई जाए।