राजधानी में इस वीकेंड पर
भी रहेगी पानी की किल्लत
गुम्मा से शहर के लिए नहीं हुई आपूर्ति
गिरि से भी घटी आपूर्ति, कई इलाकों में आज नहीं आएगा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में इस वीकेंड पर भी पानी की किल्लत रहने वाली है। गिरि और गुम्मा पेयजल परियोजनाओं से शिमला शहर के लिए पानी की सप्लाई घटने से कई इलाकों में शनिवार को पानी नहीं आएगा। वीकेंड और बर्फबारी के चलते हजारों सैलानी शिमला में हैं। ऐसे में होटलों में पानी का संकट रह सकता है।
पेयजल कंपनी के अनुसार बिजली कट के चलते शुक्रवार सुबह से ही गुम्मा से शहर के लिए पानी की सप्लाई ठप हो गई। दोपहर करीब 3 बजे गुम्मा से आपूर्ति बहाल हुई। वहीं गिरि पेयजल परियोजना से भी कम पानी शहर को मिला है। सभी परियोजनाओं से शिमला शहर को 39.92 एमएलडी पानी मिला है। यह सामान्य से करीब नौ एमएलडी कम है। इसके चलते चक्कर समेत शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को पानी नहीं आया। शनिवार को भी नवबहार, सांगटी, मल्याणा, भट्ठाकुफर समेत सेंट्रल जोन के कुछेक इलाकों में पानी नहीं आएगा।
पेयजल कंपनी इन दिनों शहर में हफ्ते के छह दिन पानी दे रही है लेकिन बिजली कट और लो वोल्टेज के चलते कई इलाकों में पांच दिन ही पानी आ रहा है। कंपनी का कहना है कि बिजली आपूर्ति सुचारु न रहने से पंपिंग प्रभावित हो रही है। बावजूद इसके शहर में नियमित सप्लाई देने के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि बीते वीकेंड पर भी शहर में पानी की किल्लत रही थी। कई इलाकों में पानी न आने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी थी।