शिमला। शहरवासियों को आने वाले दिनों में पानी का संकट झेलना पड़ सकता है। सर्दियां शुरू होते ही गिरि और गुम्मा पेयजल परियोजनाओं में सुबह और शाम को लो वोल्टेज का संकट गहराने लगा है। इस कारण पंपिंग प्रभावित होने से शहर के लिए पानी की सप्लाई पांच एमएलडी तक घट गई है। कम पानी मिलने से कंपनी ने भी कई इलाकों में पानी की अघोषित राशनिंग शुरू कर दी है। चौड़ा मैदान के कुछेक इलाकों और सेंट्रल जोन के कैथू में अब रोज पानी की सप्लाई में कट लगाया जा रहा है। बीते साल भी सर्दी के मौसम में लो वोल्टेज के चलते शहर में दिसंबर से फरवरी तक पानी की किल्लत रही थी। इस बार भी संकट को भांपते हुए पेयजल कंपनी ने बिजली बोर्ड को पत्र लिखा है। इसमें बाकायदा गिरि-गुम्मा परियोजनाओं में बिजली की रीडिंग का पूरा ब्योरा दिया है। सुबह और शाम को लो वोल्टेज के चलते सभी पंप नहीं चल पा रहे।
कंपनी का कहना है कि यदि लो वोल्टेज की समस्या पर ध्यान न दिया तो शहर के कई इलाकों में पानी की राशनिंग घोषित करनी पड़ सकती है। हालांकि, बिजली बोर्ड का कहना है कि सर्दी के चलते खपत बढ़ने और ग्रिड में दिक्कत आने से कई बार लो वोल्टेज की समस्या हो जाती है। बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता लोकेश ठाकुर ने कहा कि बीते साल की तुलना में इस बार ज्यादा समस्या नहीं है। अभी कंपनी से पत्र नहीं मिला है लेकिन बोर्ड पूरा प्रयास कर रहा है कि इस बार वोल्टेज की परेशानी न आए।
18 नवंबर के बाद घटी सप्लाई
तारीख सप्लाई
17 नवंबर 47.37 एमएलडी
18 नवंबर 46.47 एमएलडी
19 नवंबर 41.29 एमएलडी
20 नवंबर 41.70 एमएलडी
21 नवंबर 45.29 एमएलडी
22 नवंबर 43.40 एमएलडी
बिजली बोर्ड को भेजा है पत्र
गिरि और गुम्मा पेयजल परियोजनाओं में लो वोल्टेज की शिकायत आने लगी है। इससे पंपिंग प्रभावित हुई है। इस बारे में बिजली बोर्ड को पत्र भेज दिया गया है। इस समस्या दूर करने के लिए कहा है।
-पंकज ललित, प्रबंध निदेशक पेयजल कंपनी
कुछेक इलाकों में लगाना पड़ रहा कट
शहर के लिए पानी की सप्लाई घटी है। इसके चलते शहर के कुछेक इलाकों की पानी की सप्लाई में कट लगाना पड़ रहा है। हालांकि, प्रयास है कि ज्यादातर इलाकों में रोज पानी दिया जाए।
-पीपी शर्मा, एजीएम पेयजल कंपनी