व्हाइट क्रिसमस की आस में बड़ी संख्या में सैलानी क्रिसमस पर शिमला पहुंचने वाले हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा के होटल और होम स्टे की बुकिंग में तेजी आई है। इस वीकेंड पर भी सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। हिल्सक्वीन शिमला में विंटर टूरिस्ट सीजन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने के लिए शहर में बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की उम्मीद है। वीकेंड पर भी शहर में सैलानियों की आमद बढ़नी शुरू हो गई है।
सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी से शहर के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। शहर के होटलों में करीब 40 फीसदी कमरे एडवांस बुक हो चुके हैं। इस वीकेंड पर होटलों के 70 फ ीसदी कमरे बुक होने की उम्मीद है। सैलानियों की आमद बढ़ते ही शहर की पार्किंग पैक होने लगी हैं। पार्किंगों के एंट्री प्वाइंटों पर गाड़ियों के मुड़ने से जाम की समस्या भी पेश आ रही है। शहर के साथ लगते पर्यटन स्थल कुफ री में भी सैलानियों की खूब भीड़ उमड़ रही है। होटलियरों के अलावा ट्रेवल एजेंट, टैक्सी ऑपरेटर और शहर के कारोबारी क्रिसमस तथा न्यू ईयर पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जता रहे हैं। मंगलवार को दिनभर माल रोड और रिज मैदान पर सैलानियों का जमावड़ा लगा रहा। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और यूपी से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचना शुरू हो गए हैं।
विंटर सीजन पकड़ रहा रफ्तार
विंटर टूरिस्ट सीजन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए एडवांस बुकिंग जोरों पर है। इस अवधि के लिए शहर के चुनिंदा होटल 40 फ ीसदी तक एडवांस बुक हो चुके हैं। शिमला के अलावा सैलानी बाहरी क्षेत्रों में भी कमरे बुक करवा रहे हैं।
- नवीन पॉल, अध्यक्ष, ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन
दिसंबर की शुरुआत में बर्फबारी का इंतजार
शिमला में अगर आने वाले हफ्तों में बर्फ बारी होती है तो सैलानियों की आवाजाही में भारी बढ़ोतरी की संभावना है। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने कहा कि बर्फ बारी सैलानियों को खासा आकर्षित करती है। बर्फ देखने के लिए भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचेंगे ऐसी उम्मीद है।