बालीचौकी (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग में कार्यरत सैकड़ों जल रक्षकों को तीन माह से मानदेय न मिलने से परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार और विभाग से आग्रह किया है कि शीघ्र तीन माह का मानदेय दिया जाए। यदि उन्हें मानदेय नहीं दिया जाता तो मजबूरन जल रक्षकों को विभाग के खिलाफ आंदोलन करना पड़ेगा। यदि फिर भी मानदेय की अदायगी नहीं हुई तो प्रदेशभर के जलरक्षक कार्य बंद कर देंगे।
जलरक्षक महासंघ बालीचौकी इकाई के महासचिव डोलम चंद ने बताया कि जलरक्षक दिन रात सेवाएं दे रहे हैं। लोगों को पेयजल मुहैया करवाने के लिए जलरक्षक पेयजल आपूर्ति बहाली में तैनात रहते हैं। इस काम के लिए जल शक्ति विभाग उन्हें मानदेय देता है। जलरक्षक सदी, गर्मी और बरसात में अपनी जान को जोखिम में डालकर लोगों के लिए जल आपूर्ति करते हैं।
बालीचौकी उपमंडल के अध्यक्ष मोहर सिंह ठाकुर, नरेश भारद्वाज, बेली राम, तनु ठाकुर, सन्नी ठाकुर, दीप ठाकुर ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन माह से जलरक्षकों को जल शक्ति विभाग की ओर से मानदेय नहीं दिया गया है। इस कारण जल रक्षकों को अपने परिवार के पालन पोषण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग की तरफ से उन्हें मात्र 5330 रुपये मानदेय के रूप में दिए जा रहे हैं। यह मानदेय भी समय पर नहीं मिल रहा। इससे सराज विधानसभा क्षेत्र में कार्यरत करीब 600 जलरक्षकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने दुकान से राशन उधार लिया है और दूसरे महीने इस राशन के पैसों को भरने की बात कही थी, लेकिन तीन माह बीत जाने पर अब दुकानदार उन्हें उधार चुकाने की मांग कर रहे हैं।
...
जल शक्ति उपमंडल बालीचौकी में दो माह से जबकि अन्य उप मंडल कार्यालयों में तीन माह से जल रक्षकों को मानदेय की अदायगी नहीं हुई है। जलरक्षकों को मानदेय सरकार और उनके उच्च कार्यालय से दिया जाता है। जैसे ही उनके पास पैसा आएगा सभी जल रक्षकों को मानदेय दिया जाएगा।
-संदीपकांत शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग थुनाग
000