प्रदेश के सबसे बड़े मातृ एवं शिशु अस्पताल में वीरवार को पानी की सप्लाई ठप रही। मरीज और तीमारदार दिन भर पेयजल के लिए इधर से उधर भटकते रहे। जब पेयजल नहीं मिला तो मजबूरी में पानी की बोतलें खरीदनी पड़ीं। इससे मरीज और तीमारदारों की जेब को खासा चूना लगा। अस्पताल के वार्ड, ओपीडी, टेक्नीशियन रूम के स्टाफ को दिन भर पेयजल की किल्लत से परेशान होना पड़ा।
अस्पताल की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था न करवाए जाने से लोगों में रोष दिखा। शिमला निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पानी नहीं मिलने से दिन भर परेशान रहना पड़ा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में इलाज करवाने से ज्यादा तो छोटी-छोटी चीजों पर पैसे खर्च हो रहे हैं। अर्की निवासी गोबिंद ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने पेयजल की दूसरी व्यवस्था नहीं की, जिससे लोग परेशान होते रहे।
कम आ रही है सप्लाई : डॉ. चौधरी
कमला नेहरू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एलएस चौधरी ने बताया कि शहर में इन दिनों पानी की आपूर्ति में शार्टेज चल रही है। इस कारण अस्पताल में भी पानी कम आ रहा है। उन्होंने बताया कि अगर अस्पताल में पानी नहीं होने की शिकायत आती है तो वह पानी के टैंकरों को मंगवाकर सप्लाई को जारी रखते हैं। अगर मरीज परेशान हुए तो अस्पताल प्रबंधन को इसका खेद है। भविष्य में इस तरह की परेशान न हो, इसके लिए विशेष ध्यान रखा जाएगा।