गिरि और कोटी बरांडी से घट गई पेयजल आपूर्ति, छोटा शिमला जोन के कई इलाकों में गहराया संकट
खलीनी, कनलोग, झंझीड़ी में तीसरे दिन भी नहीं मिला पानी, तो लोगों ने कंट्रोल रूम में दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। गिरि और कोटी बरांडी परियोजना से आपूर्ति घटने के बाद राजधानी में पेयजल शेड्यूल गड़बड़ा गया है। शहर के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति फिर से तीसरे दिन में पहुंच गई है। छोटा शिमला जोन के तहत आने वाले वार्डाें में जलसंकट गहराने लगा है।
इस जोन के खलीनी, झंझीड़ी, कसुम्पटी, कनलोग क्षेत्र में शनिवार शाम 6:00 बजे तक पानी की आपूर्ति नहीं मिली। इन क्षेत्रों में शुक्रवार को भी पेयजल आपूर्ति नहीं दी गई थी। पानी न मिलने से परेशान लोगों ने कंट्रोल रूम में फोन कर शिकायत की। पूछा कि दो दिन से पानी क्यों नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने कहा कि कंपनी ने हफ्ते में एक दिन पानी न देने का दावा किया था, लेकिन अब कई दिन कट लगाए जा रहे हैं। उधर, ऐराहाेम में भी तीसरे दिन पानी की आपूर्ति के लिए लोग इंतजार करते रहे। कंपनी ने छोटा शिमला में शुक्रवार को पेयजल आपूर्ति दी गई थी, लेकिन ज्यादातर उपभोक्ताओं की पानी की टंकियां खाली रह गईं। लोगों की शिकायतों के बाद शनिवार को यहां फिर से सप्लाई दी गई है। पंथाघाटी और घोड़ाचौकी क्षेत्र से भी पेयजल आपूर्ति नियमित न मिलने की शिकायतें पहुंची हैं। उधर, कंपनी का कहना है कि गिरि से पंपिंग बाधित रहने के कारण शहर के कुछ क्षेत्रों में देरी से आपूर्ति हुई है लेकिन जल्द ही लोगों को राहत मिलेगी।
गिरि, कोटी बरांडी से घटी आपूर्ति
शहर की दूसरी सबसे बड़ी गिरि पेयजल परियोजना से शनिवार को 18 एमएलडी की जगह 14.37 एमएलडी पानी ही मिला है। शुक्रवार को भी इस परियोजना से महज 9.96 एमएलडी पानी मिला था। कोटी बरांडी से भी पेयजल आपूर्ति आधा एमएलडी घटकर अब दो एमएलडी ही रह गई है। कंपनी के अनुसार कोटी बरांडी में जलस्तर घटा है जबकि गिरि में पंपिंग बाधित रहने से सप्लाई घटी है। शनिवार को सभी परियोजनाओं से शहर को 39.28 एमएलडी पानी मिला है। यह सामान्य से करीब छह एमएलडी कम है।
आज सभी इलाकों में आपूर्ति का दावा
पेयजल कंपनी के अनुसार रविवार को शहर के सभी इलाकों में पानी की आपूर्ति दी जाएगी। वीकेंड पर कंपनी सभी इलाकों में पानी की आपूर्ति देती है, लेकिन गिरि से लगातार घट रही आपूर्ति को देखते हुए सभी वार्डाें में पानी आएगा या नहीं, इस पर संशय है।